रेलवे बोर्ड द्वारा कोच उपलब्ध करवाते ही कार्य होगा पूरा, युवा भाजपा नेता अरुण कौशल ने उठाई थी मांग
ऊना/सुशील पंडित: जिला ऊना के दौलतपुर चौक से पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, राजस्थान होते हुए गुजरात की राजधानी अहमदाबाद के निकट स्थित गांधीनगर कैपिटल स्टेशन के बीच चलने वाली गाड़ी संख्या 19411/19412 के डिब्बों को परिवर्तित करने की माँग कुछ दिनों पहले युवा भाजपा नेता अरुण कौशल ने पश्चिम रेलवे से सीपी ग्राम पोर्टल के माध्यम से उठाई थी। अब पश्चिम रेलवे ने इसका जबाब देते हुए कहा कि इस ट्रेन के आईसीएफ कोचों को एलएचबी में परिवर्तित करने का काम पश्चिम रेलवे की एलएचबी रूपांतरण योजना में पहले से शामिल है। जब भी रेलवे बोर्ड इसके रूपांतरण के लिए एलएचबी कोच उपलब्ध कराएगा, यह काम पूरा कर लिया जाएगा।
आपको बताते चलें कि आई.सी.एफ. डिब्बों की अधिकतम गति 110 किलोमीटर प्रति घंटा होती है वहीं एल.एच.बी. अवातानुकूलित डिब्बो की अधिकतम गति 130 किलोमीटर प्रति घंटा होती हैं। वहीं एल.एच.बी. कोचों में यात्रियों के बैठने की क्षमता आई.सी.एफ. से अधिक होती है और ये अधिक सुरक्षित, आरामदायक हैं। ये एंटी-टेलीस्कोपिक डिज़ाइन के साथ आते हैं यानी टक्कर होने पर ये एक-दूसरे के ऊपर नहीं चढ़ते, जिससे यात्रियों की सुरक्षा बढ़ जाती है।