नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली, रांची और मध्य प्रदेश सहित आईएसआईएस के अब तक पांच संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार कर एक बड़े मॉड्यूल का खुलासा किया है। इसमें से दो संदिग्ध आतंकी दिल्ली से दबोचे गए हैं, जबकि दो झारखंड से और एक मध्य प्रदेश पकड़ा गया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, झारखंड एटीएस और रांची पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया था।
अशहर दानिश, जो बोकारो जिले का रहने वाला है, जिन्हें रांची के तबारक लॉज से हथियार और विस्फोटक सामग्री के साथ पकड़ा गया। वहीं आफताब को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया, जो मुंबई का निवासी है। दोनों पर आईएसआईएस के स्लीपर सेल से जुड़े होने और रासायनिक हथियार बनाने की क्षमता रखने का आरोप है। अभियान से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि विभिन्न राज्यों से कम से कम 8 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
सूत्र ने बताया, ‘शुरुआती जांच से पता चलता है कि दोनों इस्लामिक स्टेट से प्रेरित नेटवर्क के अन्य सदस्यों के संपर्क में थे और भारत में आतंकी संगठन के एजेंडे को आगे बढ़ाने वाली गतिविधियों में शामिल थे।’ दानिश कई महीनों से सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर था। इससे पहले दिन में, झारखंड पुलिस के महानिरीक्षक और प्रवक्ता माइकल राज एस. ने बताया, ‘दिल्ली और झारखंड पुलिस का संयुक्त अभियान रांची के एक हॉस्टल समेत कई स्थानों पर चलाया जा रहा है।