चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को पंजाब के रायपुर स्थित गुरुद्वारा साहिब अमर शहीद बीबी शरण कौर जी में मत्था टेका और महान शहीद बीबी शरण कौर जी की शहादत को शत-शत नमन किया। इसके उपरांत उन्होंने लखनो में प्राचीन शिव मंदिर, डेरा बाबा उनेद गिरी जी में भगवान भोलेनाथ के चरणों में शीश नवाकर पंजाब, हरियाणा सहित पूरे देश की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

बीबी शरण कौर जी का जीवन और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्य से पीछे न हटना और मानवता की सेवा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करना ही सच्ची वीरता है। भगवान शिव भारतीय संस्कृति में त्याग, शक्ति, संयम और मानवता के प्रतीक हैं। नीलकंठ के रूप में भगवान शिव ने स्वयं विष धारण कर संसार की रक्षा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हमारी सनातन परंपरा हमें सिखाती है कि अपने हित से पहले समाज और राष्ट्र हित तथा अपने सुख से पहले मानवता के कल्याण की चिंता करनी चाहिए।
प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत संकल्प में निभानी होगी अपनी भूमिका
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस संकल्प की पूर्ति के लिए किसान, युवा, विद्यार्थी, उद्यमी और प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार भी अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण का लाभ पहुंचाने, युवाओं को योग्यता के आधार पर अवसर देने, किसानों को मजबूत करने तथा महिलाओं और गरीबों के सम्मान एवं सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि जनसेवा ही सरकार की सबसे बड़ी पूजा है और अंतिम व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाना ही सुशासन की सबसे बड़ी सफलता है। उन्होंने धर्म, जाति, क्षेत्र और भाषा के आधार पर समाज में दूरी पैदा करने वाली सोच से ऊपर उठकर एकजुटता और सद्भाव के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।