शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज रोहडू स्थित पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सीबीएसई के विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के विभिन्न सवालों के जवाब दिए और उनकी जिज्ञासाओं एवं विचारों को सुना। संवाद के दौरान एक छात्रा द्वारा स्कूल के नए भवन की मांग रखे जाने पर मुख्यमंत्री ने नए भवन के निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये प्रदान करने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि नए परिसर के निर्माण में कुछ समय लगेगा, लेकिन सरकार का लक्ष्य प्रदेश में सीबीएसई स्कूलों के लिए आधुनिक और बेहतर सुविधाओं से युक्त उत्कृष्ट परिसरों का निर्माण करना है। छात्रा ने कहा कि सीबीएसई स्कूल बनने के बाद रोहड़ू स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ी है और यहां दो शिफ्ट में कक्षाएं चलानी पड़ रही है। इसलिए यहां पर नए भवन की आवश्यकता है।

यूकेजी के एक विद्यार्थी ने ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से उनके बचपन में दादा-दादी द्वारा सुनाई जाने वाली कहानियों के बारे में पूछा। मुख्यमंत्री ने अपने बचपन की स्मृतियां साझा करते हुए बताया कि सर्दियों के दिनों में परिवार के सदस्य आग के सामने बैठकर उन्हें कहानियां सुनाया करते थे। उन्होंने ‘सात बहनों’ की कहानी का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश का भविष्य उज्ज्वल है। राज्य सरकार प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने तथा आर्थिक रूप से सुदृढ़ एवं समृद्ध प्रदेश के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।