नोएडाः दिल्ली शहर से सटे नोएडा में भीषण सड़क हादसा हुआ है। एक BMW कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में 2 लोगों की मौत होने की खबर है। वहीं 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हादसे का केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आगामी कार्रवाई जारी है। इलाके में लगे CCTV कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है। आरोपी नशे में था या नहीं, इसके बारे में जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। नोएडा पुलिस के मुताबिक, आज सुबह करीब 6 बजे के आसपास थाना सेक्टर-24 पुलिस को एक एक्सीडेंट के बारे में सूचना मिली। एक ई-रिक्शा (UP16 JT 4052) में ड्राइवर समेत 5 लोग सवार थे। वे सिटी सेंटर से 12-22 की तरफ जा रहे थे कि सुमित्रा हॉस्पिटल के सामने तेज रफ्तार BMW (HR 26 EB 7770) ने पीछे से ई-रिक्शा में टक्कर मार दी, जिसमें 2 लोगों की उपचार के दौरान मौत हो गई।
3 घायलों को निजी अस्पताल सेक्टर-110 में भर्ती कराया गया है। कार सवार शख्श तुषार नोएडा सेक्टर-41 का रहने वाला है। उसके साथ एक और युवक था। दोनों को हिरासत में ले लिया गया है। आरोपी का एक साथी अमन सिसौदिया मौके से फरार हो गया है। उसके बारे में भी हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ जारी है। हादसे में मारे गए लोगों की पहचान मोहम्मद मुस्तफा पुत्र कदम रसूल उम्र 50 वर्ष, रश्मि स्टाफ नर्स मेट्रो हॉस्पिटल उम्र 25 वर्ष बताई जा रही है। घायलों के नाम राजेंद्र पुत्र रामदास निवासी गिझौड रिक्शा चालक उम्र 45 वर्ष, पवन उम्र 27 वर्ष और सूरज उम्र 20 वर्ष है।