पंचकूला: थाना यातायात शहर पंचकूला द्वारा एसआई वरिंद्र कुमार की अगुवाई में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक जरुरी कदम उठाया गया। सेक्टर-2 कट के पास रामगढ़ की ओर से आने वाले बड़े एवं भारी वाहनों के द्वारा अवैध रुप से यू-टर्न लेने की समस्या को देखते हुए मौके पर लगाए गए लोहे के ग्रील पर रिफ्लेक्टर टेप लगवाई गई।
यह टेप इसलिए लगाई गई ताकि रात के समय भी साफ तौर पर दिखाई दे और दुर्घटनाओं की संभावना कम की जा सके। इसके साथ-साथ वाहन चालकों को जागरुक करने के उद्देश्य से फ्लैक्स बोर्ड भी लगाए गए। इसके जरिए से भारी वाहन चालकों को दिशा-निर्देश भी दिए गए ताकि वो निर्धारित मार्गों का इस्तेमाल करें। इस पहल का मुख्य उद्देश्य भारी वाहनों के कारण लगने वाले जाम से आम लोगों को राहत दिलवाना है।
इसके साथ ही शहर में यातायात को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखना है। ट्रैफिक पुलिस की इस तुरंत कार्रवाई से न सिर्फ ट्रैफिक जाम की समस्या में कमी आएगी बल्कि सड़क पर चलने वाले बाकी वाहन चालकों और पैदल यात्रियों की सुरक्षा में सुनिश्चित होगी। पंचकूला ट्रैफिक पुलिस की इस पहल से यह साफ पता चलता है कि पुलिस सिर्फ नियमों का पालन ही नहीं करवाती बल्कि पूर्व नियोजन और जागरुकता के जरिए से भी समस्याओं का समाधान करती हैं।
