अमृतसरः आज शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के बजट सत्र के दौरान काफी हंगामा हुआ, जब SGPC सदस्य सिंह बैंस ने बजट के कड़े विरोध में सत्र का बहिष्कार किया। बैंस ने आरोप लगाया कि यह बजट बिना किसी चर्चा के ही पास कर दिया गया।आमतौर पर बजट सत्र काफी लंबा चलता है, लेकिन इस बार बजट आधे घंटे में ही पेश कर दिया गया और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच पास भी हो गया, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल उठते हैं।
बजट को “कमियों से भरा” बताते हुए उन्होंने कहा कि इसमें बड़े पैमाने पर पैसों की हेराफेरी या नुकसान हो रहा है। बैंस ने दावा किया कि कई संस्थानों और कॉलेजों को 99 साल की लीज पर देने के बावजूद हर साल करोड़ों रुपए भेजे जा रहे हैं, जिसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने सारागढ़ी से जुड़ी कैंटीन के मामले में भी गंभीर सवाल उठाए। बैंस ने कहा कि सुबह नोटिस जारी किया गया और कुछ ही घंटों के भीतर बोली लगा दी गई, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने यह भी इशारा किया कि जिस व्यक्ति ने बोली जीती है, वह SGPC के किसी सदस्य का करीबी हो सकता है।
इसके अलावा, उन्होंने हरियाणा को भेजे जा रहे फंड और GN कॉलेज के कर्मचारियों का मुद्दा भी उठाया। बैंस ने कहा कि एक तरफ तो कर्मचारी लंबे समय से अपने वेतन और बकाया राशि के लिए धरने पर बैठे हैं, वहीं दूसरी तरफ SGPC बाहरी संस्थानों को फंड जारी कर रही है। बैंस ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले सत्र के दौरान उन्हें बोलने का मौका नहीं दिया गया और उनका माइक बंद कर दिया गया था। इस तरह का “अपमान” बर्दाश्त नहीं किया जा सकता, और इसी वजह से उन्होंने इस बार सत्र से वॉकआउट कर दिया।
