बद्दी / सचिन बैंसल : बद्दी के कडूवाना गांव के एक युवक दारा सिंह पिछले तीन दिन से लापता है। पहले यहां पर दो गुटो में झगड़ा हुआ और झगड़े के बाद दारा सिंह लापता है। उसके परिजनों का कहना है कि उसे किडनेप कर लिया गया है। लेकिन अभी तक कोई पता नहीं चला है। दारा सिंह के पिता ध्यान सिंह गांव के लोगों के साथ बद्दी थाना आए तथा थाना प्रभारी से जल्द ही उसकी खोज करने की मांग की है। परिजनों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही दारा सिंह नहीं मिला तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
दो दिन पूर्व दारा सिंह, बिंदर, जिंदर का गुरमीत सिंह और उसके साथियों के साथ किसी पुरानी रंजिश के चलते झगड़ा हो गया था। झगड़े के बाद शाम को दारा सिंह अपने पिता ध्यान सिंह की आंख में दवाई डाल रहा था कि उसे दूसरे गुट ने बुलाया। उसके बाद से वह लापता है। परिजनों का आरोप है कि दूसरे गुट ने उनके बेटे के किडनेप किया है। दारा सिंह के पिता ध्यान सिंह ने पुलिस को बताया कि तीन दिन बीत गए है उसके बेटा किस हालत में है। उन्होंने अपने स्तर पर उसे खोज लिया है लेकिन अब उसका कोई पता नहीं चल रहा है। जो लोग उसे अगवा करके ले गए है वह उसके साथ कुछ भी कर सकते है।
उधर, थाना प्रभारी राकेश राय ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दो टीमें लापता युवक को खोजने में लगी हुई है। पुलिस पूरा प्रयास कर रही है लेकिन अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है।