मजीठा के नकली शराब मामले से तार जुड़ने की आशंका
पटियाला: जिला पुलिस ने आबकारी विभाग के साथ मिलकर 600 लीटर मिथेनॉल केमिकल की बड़ी खेप जब्त की है। पकड़े गए मिथेनॉल केमिकल का उपयोग अवैध शराब के उत्पादन में किए जाने का शक है।
इस मामले मे खुलासा करते हुए एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि सुबह अमृतसर के मजीठा में नकली शराब से जुड़ी दुर्घटना का पता चला था। जिसके बाद डीआईजी बॉर्डर रेंज से सूचना मिली कि दिल्ली के ट्रांसपोर्ट नगर से मिथेनॉल केमिकल की खेप पंजाब आ रही है। पटियाला पुलिस ने आबकारी विभाग के साथ मिलकर तुरंत सतर्कता बरतते हुए नकली शराब के तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खेप जब्त कर ली है।
पुलिस ने बाबा बंदा सिंह बहादुर शंभू-बनूर रोड पर तेपला पुलिस चौकी के पास दिल्ली से पंजाब आ रहे ट्रक नंबर PB 10 H 1577 को घेर लिया। ट्रक की तलाशी के दौरान अन्य सामान में छिपाए गए तीन ड्रमों से 600 लीटर मिथेनॉल केमिकल बरामद किया गया। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि यह मिथेनॉल की खेप दिल्ली से लाई जा रही थी, जिसका संबंध मजीठा नकली शराब मामले से जुड़ने की आशंका है। यदि यह खेप समय पर पकड़ी न जाती, तो इससे बनने वाली नकली और जहरीली शराब से सैंकड़ों लोगों की मौत हो सकती थी।