हापुड़ः सिम्भावली थाना क्षेत्र में एक दुल्हन शादी के दो दिन बाद ही जेवर और नकदी लेकर फरार हो गई। पीड़ित युवक ने शादी कराने वाले पंडित, दुल्हन और उसके परिजनों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। दरअसल, गांव लिसड़ी उर्फ भगवतीपुर निवासी विनोद कुमार ने बताया कि करीब 3 महीने पहले उसकी शादी के लिए हल्द्वानी निवासी पंडित राकेश शास्त्री से संपर्क हुआ था। पंडित ने उसे एक गरीब परिवार की युवती से शादी कराने का प्रस्ताव दिया था।
विनोद के अनुसार, शादी के लिए युवती के परिवार को एक लाख रुपये देने और मंदिर में विवाह करने की बात तय हुई थी। 14 अगस्त को विनोद अपनी मां, भाई और तीन अन्य लोगों के साथ पंडित के बताए रामपुर स्थित शिव मंदिर पहुंचा। वहां पंडित राकेश शास्त्री ने संकल्प कराकर उसकी शादी सीमा नामक युवती से करा दी। आरोप है कि पंडित ने शादी कराने के लिए 2100 रुपये भी लिए और युवती की मां को एक लाख रुपये दिलवाए।
शादी के बाद विनोद दुल्हन सीमा को अपने घर ले आया। उसने सीमा को पाजेब, चांदी का हार, मंगलसूत्र सहित पांच आभूषण पहनने के लिए दिए थे। पीड़ित का आरोप है कि सीमा दो दिन तक घर में रही और 15 अगस्त की रात करीब दो बजे घर से जेवर और नकदी लेकर फरार हो गई। उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। पीड़ित विनोद ने पंडित, दुल्हन और उसके परिजनों पर साजिश के तहत धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। उसने पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। इस मामले पर एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच पड़ताल कर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

