आगराः ताज नगरी आगरा में कोहरे की वजह से नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसे के बाद मुर्गा लूट का मामला सामने आया है। कोहरे की वजह से एक के बाद एक दर्जन भर से अधिक गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हादसे में एक मैक्स गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हुई थी, जिसमें मुर्गे रखे रखे हुए थे। हादसे के बाद मौजूद लोगों में मुर्गों को लूटने की होड़ मच गई। जिसके हाथ जितना लगा वो उतने मुर्गे लेकर फरार हो गया। इसका वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर वायरल है।
जानकारी के मुताबिक चालक इन मुर्गों को आगरा से खरीद कर अपने गांव ले जा रहा था, तभी रास्ते में हादसा हो गया। लगभग एक से 1.50 लाख रुपए के मुर्गे गाड़ी में रखे हुए थे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त गाड़ी को साइड में खड़ा करवाया। जब ग्रामीणों ने देखा कि गाड़ी के अंदर मुर्गे रखे हुए है, तो लूटपाट शुरू हो गई। गाड़ी में से मुर्गे लूटने की घटना को लोगों ने कैमरे में कैद कर लिया। वाहन चालक ने लोगों को रोकने की कोशिश की, लेकिन किसी ने उसकी एक न सुनी।
दरअसल, आज सुबह ट्रांस यमुना क्षेत्र के झरना इलाके में नेशनल हाईवे पर कोहरे की वजह से कई गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इस हादसे में कई लोग घायल हुए, जबकि एक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इन्हीं वाहनों में से एक में मुर्गा लदा था, जिसका ड्राइवर भी घायल हो गया था। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने ड्राइवर को घायल देख मुर्गों की लूट शुरू कर दी। जिसके हाथ जितने लगे वो उतने लेकर फरार हो गया।