सरगुजा/सूरजपुरः छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में नेहरू पार्क में एक आरोपी ने अपनी गर्लफ्रेंड के गले पर चाकू घोंपने का मामला सामने आया है। जहां युवती की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार युवती के चाकू गले के आरपार हो गया, पार्क में मौजूद लोगों ने युवती को अस्पताल पहुंचाया।
लटोरी की रहने वाली राधिका राजवाड़े (19) सूरजपुर में एडवोकेट के घर घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी और वहीं रहती थी। रविवार शाम करीब 8 बजे वह बिना किसी को बताए घर से निकली और नेहरू पार्क पहुंच गई। इसी दौरान युवक ने उसके गले पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस ने देर रात आरोपी रितेश राजवाड़े को हिरासत में लिया। घायल युवती ने मरने से पहले लिखकर उसका नाम बताया था। शुरुआती जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध और युवक को दूसरे अफेयर का शक होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हमले के बाद गंभीर रूप से घायल राधिका बचने के लिए दौड़ी, लेकिन कुछ दूर जाकर खून से लथपथ हालत में गिर पड़ी। पार्क में मौजूद लोगों ने उसे फौरन जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जिला अस्पताल में शुरुआती इलाज के बाद राधिका की गंभीर हालत को देखते उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। गले पर गंभीर चोट लगने के कारण वह बोल नहीं पा रही थी। पुलिस ने उससे पूछताछ की कोशिश की, लेकिन वह कुछ बता नहीं सकी। राधिका ने इशारे से कागज और पेन मांगा। मरने से पहले उसने आरोपी का नाम लिखकर बताया था। अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान रात करीब 10:30 बजे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही उसके रिश्तेदार अंबिकापुर पहुंच गए।
घटना के बाद सूरजपुर पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके बाद पुलिस ने बाइक सवार आरोपी की पहचान की और देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी करवां का रहने वाला है और उसका राधिका राजवाड़े से प्रेम संबंध था। पुलिस के अनुसार, युवक को राधिका के दूसरे युवकों से संबंध होने का शक था।

