एन-कॉर्ड एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित
ऊना,सुशील पंडित: जिला में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें। नशा उन्मूलन और सड़क सुरक्षा जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषय हैं, जिनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशासन, पुलिस, विभिन्न विभागों तथा आमजन की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। यह बात अतिरिक्त उपायुक्त ऊना इशांत जसवाल ने आज डीआरडीए सभागार ऊना में एन-कॉर्ड (राष्ट्रीय नार्को समन्वय पोर्टल) के तहत गठित जिला स्तरीय समिति तथा जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।
विद्यालयों में नशे के दुष्प्रभावों को लेकर बढ़ाएं जागरूकता
एन-कॉर्ड समिति की बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ने विद्यालय स्तर पर नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि बच्चों एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें खेल, शिक्षा, रचनात्मक गतिविधियों एवं अन्य सकारात्मक माध्यमों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं।
उन्होंने कहा कि नशे की ओर आकर्षित होने की संभावित स्थिति वाले बच्चों एवं युवाओं की समय रहते पहचान कर उनकी उचित काउंसलिंग एवं मार्गदर्शन सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि उन्हें सकारात्मक दिशा प्रदान की जा सके। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को रचनात्मक एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर नशे के विरुद्ध मजबूत सामाजिक वातावरण तैयार किया जा सकता है।
मेडिकल स्टोरों की नियमित निगरानी के निर्देश
एडीसी ने ड्रग इंस्पेक्टर, पुलिस तथा संबंधित विभागों को मेडिकल स्टोर एवं केमिस्ट दुकानों का नियमित एवं औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दवाओं की बिक्री, उपलब्ध स्टॉक तथा संबंधित रिकॉर्ड की निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाए, ताकि प्रतिबंधित एवं दुरुपयोग की आशंका वाली दवाओं की अवैध बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
स्कूल, कॉलेज व अस्पतालों के आसपास सड़क सुरक्षा को दें प्राथमिकता
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में एडीसी ने मुख्य सड़क मार्गों पर स्थित स्कूलों, कॉलेजों एवं अस्पतालों के आसपास सड़क सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर वहां आवश्यक सांकेतिक चिह्न, यातायात प्रबंधन एवं अन्य जरूरी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों, मरीजों, राहगीरों तथा वाहन चालकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
उन्होंने पुलिस विभाग को शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि संस्थानों के बाहर अनावश्यक रूप से खड़े रहने अथवा बार-बार घूमने वाले वाहनों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
नो-पार्किंग एवं नो-वेंडिंग जोन में प्रभावी निगरानी के निर्देश
अतिरिक्त उपायुक्त ने जिले के प्रमुख बाजारों में चिन्हित नो-पार्किंग एवं नो-वेंडिंग जोन को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम, पुलिस, राष्ट्रीय राजमार्ग तथा नगर निकाय के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और आमजन को बेहतर एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सके।
एडीसी ने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, पुलिस तथा लोक निर्माण विभाग को जिले में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं का विस्तृत विश्लेषणात्मक आंकड़ा तैयार कर अगली बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसमें दुर्घटना स्थल, दुर्घटनाओं की संख्या, संभावित कारणों तथा अन्य संबंधित पहलुओं का विवरण शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं के कारणों का वैज्ञानिक एवं तथ्यात्मक विश्लेषण करने से संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां आवश्यक सड़क सुरक्षा उपाय प्रभावी ढंग से किए जा सकेंगे।
गोल्डन ऑवर में मदद करने वालों को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि
एडीसी ने गुड समैरिटन योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में सहयोग करने वाले व्यक्ति को योजना के तहत 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है। उन्होंने लोगों से सड़क दुर्घटना के समय मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने का आह्वान किया।
नशा मुक्त एवं सुरक्षित ऊना के लिए मिलकर करें प्रयास
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि नशा मुक्त एवं सुरक्षित ऊना के लक्ष्य को हासिल करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों, सामाजिक संस्थाओं, युवाओं एवं आमजन के सहयोग से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी विभागों से अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करते हुए आपसी समन्वय को और मजबूत बनाने तथा जनहित से जुड़े इन महत्वपूर्ण अभियानों को और गति देने का आह्वान किया।
बैठक में एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल, एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल, डीएसपी ऊना हेमराज सहित परिवहन, लोक निर्माण, स्वास्थ्य, शिक्षा, पुलिस तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।