चंडीगढ़ः लोकसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने हरियाणा में बड़ी नियुक्ति की है। आप ने प्रदेश की सभी 10 लोकसभा सीटों पर प्रभारी नियुक्त किए हैं। ये सभी 10 लोकसभा प्रभारी पंजाब सरकार में मंत्री हैं। पंजाब की भगवंत मान सरकार के 10 मंत्रियों को पड़ोसी राज्य हरियाणा के 10 लोकसभा क्षेत्रों की चुनावी जिम्मेदारी दी गई है। लोकसभा प्रभारियों के अलावा पार्टी ने हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए 90 प्रभारी भी नियुक्त किए हैं।
पंजाब सरकार के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा को हरियाणा की सोनीपत लोकसभा सीट का प्रभारी बनाया गया है। बलजिंदर कौर को हिसार लोकसभा सीट, चेतन सिंह जौरामाजरा को कुरूक्षेत्र लोकसभा सीट, हरभजन सिंह ईटीओ को करनाल लोकसभा सीट, कुलदीप सिंह धालीवाल को रोहतक लोकसभा सीट, अनमोल गगन मान को अंबाला लोकसभा सीट, ब्रह्म शंकर जिम्पा को फरीदाबाद लोकसभा सीट, लालजीत सिंह भुल्लर को भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट, लाल चंद कटारूचक को गुरुग्राम लोकसभा सीट, डीसीपी बलकार सिंह को सिरसा लोकसभा सीट का प्रभारी नियुक्त किया गया है। बता दें कि अभी सितंबर महीने में ही आप ने हरियाणा में चार हजार से ज्यादा पदाधिकारियों को नियुक्त किया था।
भिवानी में एक कार्यक्रम के दौरान आप के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के अलावा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इन पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण करवाई थी। इस दौरान प्रदेश भर से राज्य, लोकसभा, विधानसभा और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों के साथ नवनियुक्त सर्किल स्तर के पदाधिकारी भी पहुंचे थे। आप का हरियाणा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव पर पूरा फोकस है। इसके लिए पार्टी चुनावी तैयारियों में जुटी हुई है। चुनावों को लेकर आप संयोजक अरविंद केजरीवाल जींद में एक शो और भिवानी में एक कार्यकर्त्ता सम्मेलन कर चुके हैं। इसके साथ ही पार्टी में पदाधिकारियों की नियुक्ति कर पार्टी को मजबूत किया जा रहा है।