नई दिल्ली: दिल्ली के शकरपुर इलाके में घर में घुसकर चोर नगदी और फोन लेकर फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि चोर ने बिजली के खंभे पर चढ़कर घर में वारदात को अंजाम दिया है। आरोपी मात्र 10 मिनट में घर से नगदी और फोन लेकर फरार हो गया। दूसरी ओर पीड़ित परिवार द्वारा जब मामले की सूचना पुलिस को दी गई तो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन करने की जगह पीड़ित युवती को थाने बुला लिया और उसके हाथ में ई-एफआईआर थमा दी।
जिसके बाद पीड़ित परिवार ने खुद आरोपी की फुटेज निकाली और सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। जानकारी के मुताबिक, घटना के दौरान 18 वर्षीय ऐंजल परिजनों के साथ घर में सो रही थीं। सुबह आंख खुली तो उसने देखा कि घर में रखे 3 पर्स और 6 मोबाइल गायब हैं।
जिसके बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी तो पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लेने की जगह उसे ही शकरपुर थाने बुला लिया। इस बीच पीड़ित ने खुद ही इलाके में लगे कैमरों की फुटेज निकाली। फुटेज में रात 2:51 पर आरोपी खंभे के सहारे घर में घुसता नजर आया, जबकि 3:01 पर वह सामान लेकर बाहर आया और फरार हो गया। पीड़ित परिवार तेज कार्रवाई की मांग कर रहा है। पर्स में कैश के अलावा जरूरी दस्तावेज भी थे। पुलिस का कहना है कि वह मामले की जांच कर रहे है।