होशियारपुरः जिले के माहिलपुर कस्बे में बीती देर रात, बजरी से लदे एक ट्रक ड्राइवर ने भारी सामान ले जा रहे एक छोटे वाहन को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि भारी सामान ले जा रहा टेम्पो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि टेम्पो में सवार 2 लोगों में से केवल एक को मामूली चोटें आईं। वहीं टेम्पो जैजों रोड पर स्थित एक दुकान से जा टकराया जिस कारण दुकान के शटर और खिड़कियां दोनों बुरी तरह टूट गए। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी देते धरमिंदर ने बताया कि वह मंडी से आ रहे थे कि पीछे से बजरी से भरे एक ट्रक के चालक ने लापरवाही से ट्रक चलाते हुए उनके टेम्पो को टक्कर मार दी। इस दौरान उन्होंने कूदकर जान बचाई। उनका टेम्पो हादसे में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए हैं। उन्होंने मांग की कि बनते नुक्सान की भरपाई की जाए और ड्राइवर खिलाफ कार्रवाई की जाए।
दुकान मालिक अमित मलिक ने बताया कि एक ट्रक चालक ने टेम्पो को जोरदार टक्कर मारी जिससे टेम्पो उछलकर सीधे उनकी दुकान में लगा जिससे दुकान का शटर और दो बड़े शीशे टूट गए। उन्होंने बताया कि इस घटना से करीब 5 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। उन्होंने ड्राइवर को मौके पर काबू कर लिया था जिसने शराब पी रखी थी। ड्राइवर को पुलिस के हवाले कर दिया गया है और मांग की है कि उनकी नुक्सान की भरपाई की जाए।
जांच अधिकारी रशपाल सिंह ने बताया कि उन्होंने ड्राइवर को काबू कर लिया है। घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ है जिसे अस्पताल दाखिल करवाया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।