गुरुग्रामः देश की प्रमुख और विकसित सिटी मानी जाने वाली गुरुग्राम में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यह मामला न केवल शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि सार्वजनिक स्थानों पर किस हद तक कानून की अनदेखी की जा रही है। घटना मेदांता अस्पताल के पास की बताई जा रही है, जो शहर के व्यस्त और प्रमुख इलाकों में से एक है। यह शर्मनाक वारदात रात करीब 12 बजकर 20 मिनट पर हुई।
“काली थार में आया मनचला… बालकनी में खड़ी लड़कियों के सामने करने लगा ये शर्मनाक हरकत#ShamefulAct #BlackThar #ViralVideo #GirlsSafety #PublicShame #CrimeAgainstWomen #StopHarassment #BreakingNews pic.twitter.com/bLb079BC1e
— Encounter India (@Encounter_India) September 20, 2025
जानकारी के मुताबिक, एक व्यक्ति काली रंग की थार में सवार होकर आया और बीच सड़क पर ही बालकनी में खड़ी युवतियों को देख अश्लील हरकतें करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह करीब 10 मिनट तक युवतियों को देखकर लगातार गंदी और आपत्तिजनक हरकतें करता रहा।
इस दौरान युवतियों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह आरोपी बीच सड़क में अपनी थार खड़ी करके उसके अंदर से अश्लील हरकतें कर रहा है। जब व्यक्ति को पता चला कि उसकी वीडियो बन रही है तो वह तुरंत मौके से फरार हो गया। वायरल वीडियो के सामने आने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश शुरू कर दी है। क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
इस घटना के बाद आम लोगों में गहरी नाराजगी और असुरक्षा की भावना देखने को मिल रही है। खासकर महिलाओं ने प्रशासन से इस तरह की घटनाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। गुरुग्राम जैसे बड़े और विकसित शहर में इस तरह की घटना का होना कई सवाल खड़े करता है।
