Highway पर लगा 2 किलोमीटर लंबा जाम
अमृतसरः शहर में वेस्टर्न विला के सामने भीषण सड़क हादसे का मामला सामने आया है जहां, एक बड़ा टिपर जो रेत से भरा हुआ था, अनियंत्रित होकर फुटपाथ के बीच पलट गया। इस हादसे में 3 कारें टिपर के नीचे दब गईं, जिससे वे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और क्षेत्र में लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भयावह था कि कारों में सवार लोग, जिनमें बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल बताए जा रहे हैं, टिपर के नीचे दब गए। हालांकि अभी तक मृतकों और घायलों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंच गईं। जेसीबी और अन्य भारी मशीनों की मदद से दबे हुए लोगों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। घायलों को तुरंत गुरु नानक देव अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। प्रशासन द्वारा पूरे क्षेत्र को घेरकर राहत कार्य तेज कर दिया गया है।
दुर्घटना के कारण वेस्टर्न विला से बाईपास तक करीब 2 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ने में जुटी रही।
इस संबंध में ट्रैफिक विभाग की अधिकारी अमनदीप कौर (ADCP ट्रैफिक) ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य प्राथमिकता पर है। उन्होंने कहा कि घायलों और प्रभावित लोगों की सही संख्या रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। मौके से टिपर का ड्राइवर फरार हो गया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।