Anti Cancer Drug News : कैंसर आज भी मेडिकल साइंस के लिए सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। वैज्ञानिक लगातार ऐसे नए तरीकों की खोज में लगे हैं, जो इलाज को ज्यादा असरदार और आसान बना सकें। हाल ही में जापान से एक नई स्टडी सामने आई है, जिसने मेडिकल जगत का ध्यान खींचा है। इस रिसर्च में जापानी ट्री फ्रॉग (एक खास मेंढक) में पाए जाने वाले तत्व को कैंसर के खिलाफ असरदार पाया गया है। विशेषज्ञ बताते हैं कि यह अभी शुरुआती खोज है, लेकिन इसके नतीजे भविष्य में कैंसर के इलाज की दिशा बदल सकते हैं।
ट्री फ्रॉग से कैसे मिली यह खोज?
जापान के वैज्ञानिकों ने इस स्टडी में ट्री फ्रॉग की आंत से एक खास बैक्टीरिया अलग किया। इसके बाद इस बैक्टीरिया से जुड़े तत्व को चूहों पर टेस्ट किया गया।
-यह परीक्षण खासतौर पर कोलन कैंसर मॉडल पर किया गया।
-टेस्ट में केवल एक डोज ही कैंसर ट्यूमर पर असर दिखाने के लिए पर्याप्त पाया गया।
-कंट्रोल हालात में किए गए प्रयोग से वैज्ञानिकों को स्पष्ट नतीजे मिले।
-स्टडी का मकसद यह जानना था कि क्या भविष्य में यह तरीका इंसानों के लिए सुरक्षित और असरदार हो सकता है।
शुरुआती नतीजे…
स्टडी में देखा गया कि इस तत्व का कैंसर कोशिकाओं पर असर बहुत मजबूत था। सीमित डोज में ही पॉजिटिव नतीजे सामने आए। इससे वैज्ञानिकों को आगे और गहराई से रिसर्च करने की प्रेरणा मिली। हालांकि, विशेषज्ञ बताते हैं कि यह खोज अभी शुरुआती चरण में है। इंसानों पर असर, सुरक्षा और साइड इफेक्ट्स को समझने के लिए कई स्तर के परीक्षण करना जरूरी है।
भविष्य में क्या उम्मीदें हैं?
फिलहाल इसे किसी इलाज के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। यह स्टडी बताती है कि प्रकृति में मौजूद जीव-जंतु और उनके तत्व कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज में मदद कर सकते हैं। भविष्य में इस दिशा में रिसर्च से नए और असरदार इलाज की उम्मीद बढ़ सकती है।