पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त कार्रवाई में करीब 35 हजार नशीली गोलियां पकड़ीं
ऊना/सुशील पंडित : जिला ऊना के पुलिस थाना अम्ब के अंतर्गत आते गांव धुसाडा में एक कार सवार व्यक्ति से करीब 35 हजार नशीली गोलियां पकड़ीं गईं हैं। और मादक द्रव्य अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीती देर शाम उप निरीक्षक रजनीश कुमार अधिकारी पुलिस थाना अम्ब पुलिस टीम सहित गश्त पर थे। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि एक कार संख्या (एचपी 19 एवी 2409) क्विड जोकि नशीली दवाओं का कारोबार करता है इस रोड़ से आ रहा है। जिस पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गांव धुसाडा में नाकाबंदी कर दी।
तव पुलिस ने अम्ब से ऊना की ओर आ रही उपरोक्त कार को जांच के लिए रोका जिस में एक ही व्यक्ति था। कार की तलाशी लेने पर कार से 31,800 ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड (100 mg) टैबलेट, 3,735 अल्प्राजोलाम टैबलेट तथा 8,000 प्रेगाबालिन व मिथाइल कोबालामिन कैप्सूल बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार 8,000 प्रेगाबालिन व मिथाइलकोबालामिन कैप्सूल मादक द्रव्य अधिनियम एक्ट के दायरे में नहीं आते, जिन्हें आगे की कार्रवाई के लिए ड्रग इंस्पेक्टर के हवाले कर दिया गया है। इस मामले में अलग से ड्रग इंस्पेक्टर द्वारा कार्रवाई की जा रही है।
कार चालक की पहचान संजीव कुमार पुत्र निक्का राम निवासी गांव व डाकघर गोंदपुर बनेहड़ा निचला, तहसील घनारी जिला ऊना (हाल निवासी सेक्टर-44B, चंडीगढ़) के रूप में हुई है।
वहीं पुलिस ने आरोपित व्यक्ति के विरुद्ध मादक द्रव्य अधिनियम एक्ट की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत पुलिस थाना अम्व में मामला दर्ज कर लिया है और पुलिस द्वारा उक्त व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। पुलिस फॉरवर्ड व बैकवर्ड लिंक की जानकारी जुटाकर मामले की गहनता से जांच कर रही है। हालिया कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि क्षेत्र में अवैध नशा कारोबार से जुड़े लोग अभी भी सक्रिय हैं लेकिन पुलिस और ड्रग विभाग द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियान से तस्करों में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस बड़ी कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
