बिलासपुर के विधायक त्रिलोक जंबाल होंगे मुख्य प्रवक्ता, दविंदर कुमार भुट्टो रहेंगे मौजूद
भुट्टो ने सुक्खू सरकार पर साधा निशाना,बोले सुक्खू सरकार में उनके ही चल रहे नाराज़
ऊना/सुशील पंडित: भारतीय सेना के हाल ही में सफल ऑपरेशन ‘सिन्दूर’ की गौरवशाली उपलब्धि को समर्पित तिरंगा यात्रा 21 मई बुधवार को कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में निकाली जाएगी। यह तिरंगा यात्रा भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़ एवं राज कुमार वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित होगी। कार्यक्रम का उद्देश्य देश की सेना के शौर्य और बलिदान को सम्मानित करना है। इस अवसर पर बिलासपुर सदर से भाजपा विधायक त्रिलोक जंबाल मुख्य प्रवक्ता के रूप में मौजूद रहेंगे। बही कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता दविंदर कुमार भुट्टो विशेष रूप से उपस्थित होकर भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए क्षेत्रभर से कार्यकर्ताओं को जोड़ा गया है। भुट्टो ने सभी वर्ग,मोर्चे एवं कुटलैहड़ के हर व्यक्ति को राजनीति से हटकर भारतीय सेना के गौरव को बढ़ाने के लिए आने का आग्रह किया है।
पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो का तीखा हमला- कुटलैहड़ के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो ने बंगाणा में मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस सरकार, खासकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की कार्यशैली पर जमकर निशाना साधा। भुट्टो ने कहा कि कुटलैहड़ में विकास कार्यों को पीछे धकेल कर जनता के साथ अन्याय किया जा रहा है।उन्होंने विशेष रूप से रायपुर के मैदान में प्रस्तावित मैरिज पैलेस की 20 लाख की राशि को पीपलू में खेल मैदान के लिए ट्रांसफर किए जाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि पीपलू में खेल मैदान बनना अच्छी बात है, लेकिन रायपुर मैदान की योजनाबद्ध राशि को ट्रांसफर करना सरासर गलत है। अगर स्थानीय विधायक को खेल मैदान ही बनाना था, तो वह खुद उसकी व्यवस्था करते।
भुट्टो ने उपमंडल बंगाणा में लोनिवि, जल शक्ति और पंचायती राज विभागों को भ्रष्टाचार के अड्डे बताते हुए कहा कि इन विभागों में बड़े स्तर पर घोटाले हो रहे हैं और जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा। उन्होंने चेताया कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और क्षेत्र की जनता के हितों की रक्षा की जाएगी।
भुट्टो ने अपने 14 माह के विधायक कार्यकाल का हिसाब मांगने वालों पर बिना नाम लिए सीधा हमला बोला बोलते हुए कहा कि जो लोग मुझसे हिसाब मांग रहे हैं, वे खुद सुक्खू सरकार से सांठगांठ करके अपनी निजी जमीनों पर लाखों रुपये की डंगे (रिटेनिंग वॉल) लगवा रहे हैं। ऐसे लोग नैतिकता की बात करने के लायक नहीं हैं। भुट्टो ने यह भी आरोप लगाया कि उनके खिलाफ दर्जनों झूठे केस बनाए गए थे, लेकिन माननीय न्यायालय ने सच्चाई की जीत सुनिश्चित की। उन्होंने कहा कि मेरे खिलाफ लगाए गए आरोप पूर्णतः झूठे और राजनीति से प्रेरित थे। कोर्ट ने सभी मामलों में मुझे राहत दी, जिससे सच्चाई सामने आ गई।
इस मौके पर मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़,राज कुमार वर्मा,उपाध्यक्ष राज कुमार,भाजपा नेता सूरम सिंह, सतीश धीमान,उपप्रधान अरुण मनकोटिया ,कुलदीप शर्मा,मिट्ठू शर्मा मौजूद रहे।