नई दिल्ली : नैनीताल में शुक्रवार (17 नवंबर) की सुबह बड़ा हादसा हुआ है। नैनीताल के ओखल कांडा गांव के पास एक जीप 500 मीटर खाई में जा गिरी जिसमें सवार 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। बताया जा रहा है जीप में क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे। चालक का नियंत्रण जीप से हट गया जिसके बाद जीप गहरी खाई में जा गिरी। फिलहाल मौके पर पुलिस मौजूद है और शवों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे में अभी यह पता नहीं लग पाया है कि गाड़ी के अंदर कितने लोग सवार थे। स्थानीय लोगों की मानें तो कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं जिन्हें उपचार के लिए आगे भेजा जा रहा है। घटना सुबह 8 बजे की बताई जा रही है।
मृतकों में बच्चे-महिलाएं शामिल
बताया जा रहा है कि एक पिकअप गाड़ी 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। जिससे हादसा हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार बाहर निकाले गए शवों में 3 महिलाएं, एक बच्चा और 3 पुरुष शामिल हैं। ग्रामीणों ने बताया कि यहां सड़क खराब है जिस वजह से वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
बताया जा रहा है कि एक जीप सड़क से गुजर रही थी। अचानक ड्राइवर ने गाड़ी से संतुलन खो दिया और जीप सीधे पास से में मौजूद खाई में जा गिरी। जीप के गिरते ही वहां स्थानीय लोगों का हुजूम लग गया। लोगों ने तुरंत खाई में उतरकर लोगों को बचाने की कोशिश शुरू कर दी। स्थानीय लोगों ने बताया कि, हादसा इतना जोरदार था कि इसकी आवाज कोसों दूर तक सुनाई दे रही थी। बताया जा रहा है कि जीप में कुल 11 लोग सवार थे और इनमें से 8 लोगों को अब तक मारे जाने की सूचना मिल रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को रेस्क्यू कर तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। यहां पर घायलों का इलाज चल रहा है, साथ ही मृतकों की पहचान भी की जा रही है। यही नहीं मिली जानकारी के मुताबिक घायल लोगों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। यानी मृतकों की संख्या में आगे इजाफा हो सकता है। ये हादसा नैनीताल के ओखलकांडा में हुआ है। डाल कन्या निवासी राजू पेनरू की जीप थी, इसमें 11 लोग सवार थे। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद 6 लोगों की मौत मोके पर ही हो गई थी, जबकि दो ने अस्पताल पहुंचकर दम तोड़ा. वहीं दो लोग अब भी क्रिटिकल यूनिट में हैं।