देहरादूनः उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट बदला है। देर रात से ही प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हो रही है। देहरादून समेत कई जिलों में सुबह से बादल लगे हुए हैं। पहाड़ों में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की भी सूचना है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के सभी जिलों में अनेक स्थानों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 3000m व उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में 24 मार्च तक इसी तरह का मौसम रह सकता है।
खासकर पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी का दौर रह सकता है, जबकि मैदानों में मौसम शुष्क रहेगा। बता दें कि बीते कुछ दिनों से प्रदेश में बारिश व बर्फबारी का दौर जारी है। केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री में बर्फबारी हो रही है। आज भी चारों धाम में बर्फबारी होने की सूचना है। उत्तरकाशी जिले में देर रात से ही कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है। इस बीच चार धाम यात्रा को लेकर यात्रा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। 19 अप्रैल से यात्रा शुरू होनी है। एक माह का समय बचा हुआ है। धामों में स्थानीय लोग और प्रशासन की टीमें पहुंचने लगी हैं, तैयारियां शुरू हो गई हैं, लेकिन जिस तरह का मौसम बना हुआ है, उससे तैयारियों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
