HomeHimachalसंत बाबा डांगू बाले गुर्जर राजकीय महाविद्यालय बीटन में 20वां वार्षिक पारितोषिक...

संत बाबा डांगू बाले गुर्जर राजकीय महाविद्यालय बीटन में 20वां वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित

WhatsApp Group Join Now
WhatsApp Channel Join Now

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने की अध्यक्षता, मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

ऊना/सुशील पंडित: संत डांगू बाले गुर्जर राजकीय महाविद्यालय बीटन में आज(सोमवार) को 20 वां वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने की। समारोह के दौरान महाविद्यालय के मेधावी और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को शिक्षा, खेलकूद तथा अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ और मजबूत बनाते हैं, बल्कि मानसिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी विकास होता है, जो विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करता है।

शिक्षा के क्षेत्र में हरोली छू रहा नई ऊंचाइयां

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र लगातार शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने बताया कि इस कॉलेज की शुरुआत संत बाबा डांगू  वाले द्वारा की गई थी और बाद में सरकार ने इसका संचालन अपने हाथ में लेकर इसे एक राजकीय महाविद्यालय के रूप में विकसित किया, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरोली हल्के की बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर न जाना पड़े, इस उद्देश्य से खड्ड में कॉलेज खोला गया है और हरोली में भी नया महाविद्यालय भवन निर्माणाधीन है। इन प्रयासों से विद्यार्थियों को अपने घर के निकट ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।

2027 तक हरोली को प्रदेश का सबसे विकसित विधानसभा क्षेत्र बनाने का लक्ष्य 

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि वर्ष 2027 तक हरोली विधानसभा क्षेत्र को प्रदेश का सबसे विकसित विधानसभा क्षेत्र बनाने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इसके तहत बेहतर सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हरोली क्षेत्र में लगभग 35 पेट्रोल पंप और कई गैस एजेंसियां भी लोगों को बेहतर सेवाएं प्रदान कर रही हैं।

खेल सुविधाओं को मिल रहा बढ़ावा

मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि हरोली में खेलों को बढ़ावा देने के लिए खेल सुविधाओं को अत्याधुनिक किया जा रहा है। इसी कड़ी में बीटन ग्राउंड को 50 लाख रुपये की लागत से फ्लड लाइट्स लगाने की स्वीकृति दी गई है, जिससे अब वहां डे-नाइट मैच आयोजित किए जा सकेंगे। इसके अलावा नग्नोली मैदान में भी 50 लाख रुपये की लागत से फ्लड लाइट्स स्थापित की जाएंगी, जबकि खड्ड  फुटबॉल ग्राउंड में भी 50 लाख रुपये की लागत से फ्लड लाइट्स स्थापित की जा चुकी हैं।

इसके साथ ही बीटन और हीरा में तालाबों के सौंदर्यीकरण के लिए 2-2 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जिससे क्षेत्र के पर्यटन और सौंदर्यीकरण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि लोगों को पानी की पर्याप्त और निर्बाध सप्लाई मुहैया करवाने के लिए पेयजल और सिंचाई योजनाओं पर एक हज़ार करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं।  कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने अपनी ऐच्छिक निधि से 51 हज़ार रुपये देने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्रिंसिपल डॉ. समीक्षा ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए कॉलेज की उपलब्धियों और गतिविधियों की जानकारी दी।

ये रहे उपस्थित 

इस अवसर पर एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, कांग्रेस के वरिष्ठ रणजीत राणा व अशोक ठाकुर, प्रमोद कुमार, प्रिंसिपल डॉ समीक्षा, कॉलेज स्टाफ, बच्चों के अभिभावकगण सहित अन्य मौजूद रहे।

Disclaimer

All news on Encounter India are computer generated and provided by third party sources, so read and verify carefully. Encounter India will not be responsible for any issues.

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -

Latest News

- Advertisement -
- Advertisement -