लुधियानाः थाना डिवीजन 3 के अधीन आते न्यू माधोपुरी इलाके में आप पार्टी के विधायक राशर पप्पी ने पुलिस के साथ मिलकर इलाके में अवैध चल रहे दड्डा सट्टा और लॉटरी के अड्डों पर रेड की। इस दौरान दुकान पर मौजूद लोगों व कर्मियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने रेड के दौरान कुछ लोगों को राउंडअप किया है। वहीं रेड की भनक लगते ही दड्डा सट्टा चलाने वाले करिंदे मौके से भागने लग गए थे, लेकिन पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए कुछ लोगों को राउंडअप किया। करिंदों से बरामद मोबाइल को लेकर विधायक का कहना है उनमें से राजनीतिक नेताओं के नाम सामने आए है।
पराशर ने कहा कि विरोधी अक्सर गलत अफवाहें फैलाते हैं। वह खुद मौके पर आकर देख सकते हैं कि वह दड्डा सट्टा और अवैध लॉटरी के खिलाफ कार्रवाई करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गरीब लोगों के साथ हो रही लूट अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस को जो मोबाइल मौके से मिले है उनमें से भाजपा के नेताओं के नाम और हिसाब-किताब मिले है।
मौके पर मौजूद व्यक्ति ने बताया जा रहा है कि उन्हें 11 रुपए के बदले 100 रुपए देने का लालच दिया जाता है। उसने कहा कि वह खुद दिहाड़ी मजदूरी करता है और असली मालिक कोई और है। विधायक पराशर ने कहा कि इन अड्डों के पीछे किसी न किसी राजनीतिक व्यक्ति का हाथ जरूर हो सकता है। उन्होंने बताया कि कई जगह दुकानों के आगे पर्दे लगाए गए हैं, ताकि अंदर चल रहे अवैध काम का किसी को पता न चले।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग गरीबों के साथ ठगी कर रहे हैं, लूटपाट कर रहे हैं या नशे का कारोबार कर रहे हैं, उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। वहीं थाना डिवीजन नंबर-3 के एसएचओ नरदेव सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके से 2 से 3 लोगों को हिरासत में लिया है। मामले की जांच की जा रही है। मौके से कुछ मोबाइल फोन और सट्टे से जुड़ी पर्चियां भी बरामद हुई हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।