संगरूरः जिले के नजदीकी उपली रोड पर एलजी के सर्विस सेंटर गोदाम में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयानक रूप धारण कर लिया और आसमान पर धुएं का गुब्बार छा गया। इस घटना को लेकर आसपास के इलाके के लोगों में हड़कंप मच गया। आग लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थी। जिसके बाद लोगों ने घटना की सूचना दमकल विभाग को दी। गोदाम में लगी आग ने पास में स्थित साबुन बनाने वाली फैक्ट्री को भी अपनी चपेट में ले लिया। फैक्ट्री में रखे केमिकल व अन्य ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग ने और विकराल रूप धारण कर लिया।
आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शॉर्ट सर्किट या किसी ज्वलनशील सामग्री के कारण हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। गोदाम में रखे एसी, कंप्रेशर व अन्य इलेक्ट्रानिक्स सामग्री जलकर राख हो गई। वहीं सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 5 गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं व कर्मियों द्वारा आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया।
दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं। आसपास के क्षेत्र को एहतियातन खाली करवा लिया गया है, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो। स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी मौके पर मौजूद है तथा स्थिति पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग से भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।