पंचकूलाः UPSC की परीक्षा का नतीजा घोषित कर दिया है जिसमें पंचकूला के एकांश ढुल ने तीसरा रैंक हासिल किया है। वहीं एकांश जब अपने निवास स्थान पर पहुंचे तो उनका जोरदार स्वागत किया गया। इलाके में खुशी का माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोग उन्हें बधाई देने के लिए पहुंचे। इस दौरान परिवार ने ढोल के साथ एकांश का स्वागत किया और परिजनों, दोस्तों और स्थानीय लोगों ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान लोगों ने उन्हें हार पहनाए और गुलाल उड़ाकर अपनी खुशी जाहिर की। पूरे इलाके में जश्न जैसा माहौल बन गया और लोगों ने एकांश की इस बड़ी उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।
एकांश ने कहा कि इस मुकाम को हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत, अनुशासन और एकाग्रता की बहुत जरूरत होती है। उन्होंने बताया कि इस सफलता के पीछे उनके माता-पिता और शिक्षकों का बहुत बड़ा योगदान रहा है। एकांश ने कहा कि परिवार और शिक्षकों के सहयोग के बिना यह संभव नहीं हो पाता।
एकांश ढुल की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि वह तीसरी बार UPSC परीक्षा क्लियर करने वाले युवक बने हैं। इससे पहले भी उन्होंने UPSC में सफलता हासिल की थी, लेकिन इस बार उन्होंने तीसरा स्थान प्राप्त कर अपने परिवार और राज्य का नाम रोशन किया है। बताया जा रहा है कि UPSC में तीसरा रैंक हासिल करने वाले एकांश ढुल हरियाणा के पहले युवक बन गए हैं। उनकी इस कामयाबी से न सिर्फ पंचकूला बल्कि पूरे हरियाणा में खुशी का माहौल है। युवा वर्ग उन्हें प्रेरणा के रूप में देख रहा है और उनकी मेहनत व लगन की सराहना कर रहा है।