नई दिल्लीः अनिल अंबानी और रिलायंस पॉवर से जुड़ी कंपनियों के 12 ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अल सुबह छापेमारी की। मिली जानकारी के ईडी की करीब 15 विशेष टीमों ने तड़के सुबह ही रिलायंस पावर से जुड़े लोगों के दफ्तरों और घरों पर तलाशी शुरू कर दी थी। सूत्रों ने संकेत दिया है कि ये तलाशी रिलायंस पावर से जुड़े संदिग्ध फंड ट्रांसफर और लेनदेन की जांच का हिस्सा हैं।
हालांकि, शुक्रवार की इन छापेमारी पर ईडी ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। बताया जा रहा है कि उद्योगपति अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस पावर लिमिटेड से जुड़े धन शोधन मामले में मुंबई और हैदराबाद में कई ठिकानों पर छापेमारी की। अधिकारियों के मुताबिक एजेंसी की करीब 15 टीमें इस कार्रवाई में लगी हैं और कंपनी व उसके अधिकारियों से जुड़े लगभग 10 से 12 स्थानों की तलाशी ली जा रही है।
सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई कथित बैंक धोखाधड़ी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत की जा रही है। ईडी इस मामले में अनिल अंबानी से जुड़ी कई कंपनियों की वित्तीय लेन-देन और संभावित अनियमितताओं की जांच कर रही है। इससे पहले ईडी ने रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड के बैंक धोखाधड़ी मामले में अनिल अंबानी के पाली हिल स्थित आलीशान घर ‘एबोड’ को अस्थायी रूप से कुर्क किया था, जिसकी कीमत 3,716.83 करोड़ रुपये आंकी गई है। पिछले महीने के अंत में, CBI ने भी बैंक ऑफ बड़ौदा की शिकायत पर अनिल अंबानी के आवास और RCom के कार्यालयों की तलाशी ली थी।