नई दिल्लीः अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए ईरान पर भीषण हमले किए जो तीसरे दिन भी जारी हैं। खामेनेई की मौत के बाद ईरान ने भी अपने तेवर से बता दिया है कि वो रुकने वाला नहीं है। ईरान की जामकरान मस्जिद पर इंतकाम का लाल झंडा फहराया गया है। ईरान के खिलाफ युद्ध में ग्रीस की एंट्री हो गई है। साइप्रस में ब्रिटिश एयरबेस खाली कराया गया है। साइप्रस की सुरक्षा के लिए ग्रीस वॉरशिप भेजेगा। ग्रीस दो फ्रिगेट और 2 फाइटर जेट भेजेगा। ईरानी हमले की वजह से कतर की नेशनल तेल और गैस कंपनी ने बड़ा फैसला किया है। कतर एनर्जी ने LNG प्रोडक्शन बंद कर दिया है।
वहीं पाकिस्तान ने कराची और लाहौर में कुछ रूटों को अस्थायी रूप से बंद करने के लिए NOTAM जारी किया है। 3 मार्च से 31 मार्च तक ये रूट सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक बंद रहेंगे। बहरीन के भारतीय दूतावास ने पोस्ट किया, ‘इलाके के मौजूदा हालात के कारण, ICAC, बहरीन मॉल द्वारा दी जाने वाली भारतीय वीजा और पासपोर्ट सेवाएं अगली सूचना तक सस्पेंड रहेंगी।’ इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर से नाराजगी जताई है। दरअसल ब्रिटिश पीएम ने अमेरिका को हिंद महासागर में मौजूद अपना मिलिट्री बेस डिएगो गॉर्सिया से इनकार कर दिया था।
इसे लेकर ट्रम्प ने कहा है कि वे ब्रिटिश पीएम से बेहद निराश है। दरअसल अमेरिका को जंग के पहले दिन इस बेस से ईरान पर हमला करना था। हालांकि ब्रिटेन ने इसकी इजाजत नहीं दी। वहीं कुवैत ने सोमवार को गलती से 3 अमेरिकी फाइटरजेट्स को दुश्मन का विमान समझकर निशाना बनाया। हादसे में सभी अमेरिकी पायलट सुरक्षित हैं। कांग्रेस ने ईरान के सर्वोच्च नेता अली ख़ामेनेई की हत्या की कड़े शब्दों में निंदा की है और इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन बताया है। पार्टी ने इस घटना को क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए एक बड़ा खतरा करार दिया है।