जालंधर, ENS: जालंधर कुंज के पास दो दिन पहले रात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों के साथ मारपीट के मामले में 2 पुलिस कर्मियों पर गाज गिरी है। दरअसल, ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों के साथ पुलिस कर्मियों द्वारा मारपीट के आरोप लगे थे और घटना में उनकी पगड़ियां उतर गई। वहीं ट्राली चालक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों पर गाली-गलौज करने के आरोप भी लगाए थे। इस मामले में 2 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है।
तरनतारन के रहने वाले ट्रॉली चालक लवप्रीत ने बताया कि वह पिता तथा साथी के साथ जालंधर के लैदर काम्पलैक्स स्थित डेयरी में दूध छोड़ने आए थे। इस दौरान लैदर काम्पलैक्स के समीप पहुंचे तो पुलिस हैल्पलाइन नंबर 112 (रैपिड) के कर्मियों ने उन्हें रुकने का इशारा किया और वाहनों की चैकिंग शुरू कर दी।
लवप्रीत ने बताया कि पुलिस कर्मियों ने कागज चैक करने के बावजूद उनसे एक हजार रुपए मांगे। आरोप है कि पैसे देने से इंकार करने पर पुलिस कर्मी कंवरपाल सिंह और उनके साथी द्वारा उनसे मारपीट की गई। मामला उच्च अधिकारियों के सामने आने पर इसकी जांच शुरू की गई। जांच के दौरान उच्च अधिकारियों ने दोनों पुलिस कर्मियों को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं इस मामले को लेकर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।