लुधियानाः ढोलेवाल चौक पर आज सुबह रैपिडो बाइक को ट्रक चालक ने टक्कर मार दी। इस घटना में बाइक पर नौकरी के लिए जा रही महिला की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 54 वर्षीय सुमन जैन के रूप में हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक महिला रैपिडो बाइक पर सवार होकर अपने कम पर जा रही थी। अचानक ढोलेवाल चौक के पास बाइक अनियंत्रित होकर स्लिप हो गई। बाइक गिरते ही महिला और रैपिडो चालक दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक 16 टायरी बड़े ट्रक (ट्रॉला) के पिछले टायर महिला के सिर के ऊपर से गुजर गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस मामले को लेकर मृतक महिला के परिजनों का कहना है कि जब तक उन्हें इंसाफ नहीं मिल जाता वह घटना स्थल से कहीं नहीं जाएंगे और सिविल अस्पताल से शव को भी नहीं लेंगे। परिजनों ने परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। मामले की जानकारी देते हुए महिला ने बताया ढोलेवाले चौक के पास यह हादसा हुआ है। महिला ने राइड बुक की हुई थी। इस दौरान बाइक सवार ने बताया कि स्पीड में आए ट्रक चालक ने टक्कर मार दी। इस घटना में महिला टायरों के नीचे आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने बताया कि मृतक महिला का एक बेटा हैंडीकैप है। इस मामले में पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वहीं पड़ोसी रवि ने कहा कि सुमन जैन आत्मा चैनल में नौकरी करते थे। इस दौरान ट्रक चालक ने बाइक को पीछे से टक्कर मारी। घटना के दौरान महिला सड़क पर गिर गई और ट्रक चालक ने टायर महिला के ऊपर ने निकाल दिए। हादसे में महिला की मौत हो गई। रवि ने कहा कि घटना के दौरान ट्रक में कोई कंडक्टर मौजूद नहीं था। इस घटना में महिला के शरीर के कई टुकड़े हो गए। रवि ने मांग की है कि परिवार को मुआवजा दिलाया जाए, क्यों कि घर में कमाने वाली सुमन ही थी और उसका बेटा हैंडिकैप है। रवि ने कहा कि ट्रक चालक के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
मृतक की बड़ी बहन गीता ने कहा कि छोटी बहन जेएमडी मॉल में स्थित आत्मा चैनल में नौकरी करती थी। सुमन ने राइड बुक की थी। वह नौकरी पर बाइक पर सवार होकर जा रही थी कि रास्ते में ट्रक चालक ने 9.30 बजे बाइक को टक्कर मार दी। इस घटना में बहन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अन्य व्यक्ति ने कहा कि ट्रक चालक और बाइक सवार दोनों की गलती है। उन्होंने कहा कि बाइक सवार के पास लाइसेंस मौजूद नहीं था और वह किसी और की बाइक चला रहा था। इस मामले में पुलिस ने ट्रक चालक के साथ-साथ बाइक सवार को भी काबू कर लिया है। लोगों ने घटना को लेकर इंसाफ की मांग की है।
