जालंधर, ENS: जिला जालंधर के अधीन आने वाले गांव सरहाली में उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के छप्पड़ (तालाब) से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान संतोष राम उर्फ बारू राम पुत्र ज्ञान चंद, निवासी गांव सरहाली के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने छप्पड़ में शव तैरता हुआ देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चौकी जंडियाला की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस ने मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम हेतु सिविल अस्पताल जालंधर भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है। इस संबंध में गांव सरहाली के सरपंच हरमेश लाल ने बताया कि गांव के कुछ युवकों ने उन्हें फोन कर छप्पड़ में शव पड़े होने की जानकारी दी थी। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों को भी सूचित किया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
