एटाः भीषण सड़क हादसे का मामला सामने आया है जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कार 100 की स्पीड में पेड़ से टकराने के चलते ये हादसा हुआ। घटना के बाद चीख-पुकार सुनकर राहगीर मौके पर दौड़े और उन्होंने आनन-फानन में कार का दरवाजा तोड़कर सभी घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
जानकारी मुताबिक, कार सवार सभी लोग गुरुग्राम से मैनपुरी एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। हरियाणा नंबर की यह कार प्राइवेट कैब बताई जा रही है। वहीं मृतकों की पहचान मैनपुरी निवासी शिवम यादव (21), उसके मामा सुमित यादव (23) और गांव की रहने वाली मनकी (19) के रूप में हुई है। वहीं, मैनपुरी के ही रहने वाले राहुल (28) और खुशबू (22) घायल हैं।
प्रत्यक्षदर्शी शिव कुमार ने बताया, वह अपने गांव सकीट जा रहा था, तभी अचानक कार बेकाबू होकर पलट गई। कार ने करीब 3 बार पलटी खाई और बाद में सड़क से 15 फुट दूर गड्ढे में जा गिरी। इसके बाद उसने चिल्लाकर स्थानीय लोगों को बुलाया। फिर कार में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश की, लेकिन कार अंदर से लॉक थी। इसके बाद दरवाजा तोड़कर लोगों को बाहर निकाला गया। इसमें 10 से 15 मिनट लग गए, लेकिन तब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज भिजवाया।”
मृतक के परिजन हरिओम यादव ने बताया कि मरने वाले दोनों लड़के हमारे ही परिवार के थे। दोनों दिल्ली में प्राइवेट जॉब करते थे। कार में जो दो और लड़कियां थीं, वो भी हमारे गांव की ही हैं। हमारा उनके परिवार से घरेलू संबंध है। परिवार में शिवम के एक और मामा की शादी थी, जिसमें शामिल होने के लिए पांचों लोग मैनपुरी आ रहे थे। शायद झपकी लगने से कार बेकाबू हो गई और पेड़ से टकरा गई।
मलावन थाना प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसे के वक्त कार की रफ्तार काफी तेज थी। बावली नहर के पास खतरनाक मोड़ होने के कारण चालक कार से नियंत्रण खो बैठा। इसके चलते कार सड़क से नीचे उतरकर पेड़ से टकराने के बाद पलट गई।
