Hydrogen Gas Balloon Explodes : उज्जैन में भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर का स्वागत करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने शहर भर में रैलियां और स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए। यह श्याम टेलर का उज्जैन में पहला दौरा था। शहर के अलग-अलग हिस्सों में स्वागत मंच लगाए गए थे ताकि प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया जा सके।
अचानक हुआ ब्लास्ट
सांवर रोड के दो तालाब इलाके में एक स्वागत मंच पर अचानक हादसा हो गया। मंच पर रखे हाइड्रोजन से भरे गुब्बारे में अचानक ब्लास्ट हो गया। धमाके के कारण मंच पर अफरा-तफरी मच गई और लोग गिरने लगे।
स्वागत के दौरान हुआ हादसा
मंच पर BJYM के प्रदेश कोषाध्यक्ष जयंत राव गरुड़ और प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर मौजूद थे। प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत फूलों और माला पहनाकर किया जा रहा था। एक कार्यकर्ता के हाथ में हाइड्रोजन भरा गुब्बारा था, जिसे वे प्रदेश अध्यक्ष को देने वाले थे। लेकिन गुब्बारा प्रदेश अध्यक्ष को सौंपे जाने से कुछ सेकंड पहले ही फट गया, जिससे मंच पर मौजूद सभी लोग डर गए और गिर पड़े।
हादसे में तीन लोग घायल
धमाका इतना तेज था कि मंच पर खड़े लोग गिर पड़े। प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर भी मंच पर गिर गए, लेकिन तुरंत सहारा देकर उठाया गया। कुल तीन लोग मामूली चोटें आईं। गनीमत रही कि कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। घटना के तुरंत बाद, मंच पर मौजूद लोगों ने स्थिति को संभाला और घायल लोगों का तुरंत इलाज किया। इस वजह से बड़ा हादसा टल गया।
