मनोरंजन : बॉलीवुड एक्टर वरुण धवन और मुंबई मेट्रो से जुड़ी चल रही खबरों पर अब एक्टर की टीम ने सफाई दी है। एक्टर की टीम ने एक ऑफिशियल बयान के जरिए यह साफ कर दिया है कि एक्टर पर मुंबई मेट्रो ने कोई भी जुर्माना या पेनल्टी नहीं लगाई है। टीम ने ऑफिशियल बयान जारी करते हुए बताया कि पहले जारी किया गया पोस्ट या रिपोर्ट गलतफहमी पर बेस्ड थी। इसको अधिकारियों ने खुद ही हटा लिया है।
पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और कुछ रिपोर्ट्स में ऐसा दावा किया जा रहा था कि वरुण धवन ने मुंबई मेट्रो के नियमों का उल्लंघन किया और उनके खिलाफ जुर्माना लगाया गया है। इन रिपोर्ट्स में कहा जा रहा था कि वरुण मेट्रो स्टेशन पर फोटोशूट या किसी अन्य काम के दौरान नियम तोड़ने के कारण फाइन का सामना कर रहे हैं।
टीम ने जारी किया बयान
वरुण धवन की टीम ने बयान में यह साफ किया है कि – हम वरुण धवन और मुंबई मेट्रो से जुड़ी हाल की रिपोर्ट्स पर स्थिति साफ करना चाहते हैं। हम यह साफ करना चाहते हैं कि वरुण पर किसी भी तरह का कोई फाइन या पेनल्टी नहीं लगाई गई है। अधिकारियों के जरिए किया गया पिछला पोस्ट भी हटा दिया गया है और इस गलतफहमी को दूर करने में उनके साथ के लिए हम उनकी सराहना करते हैं।
वरुण शहर के नियमों और मेट्रो डिपार्टमेंट की कोशिशों का बहुत सम्मान करते हैं। हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि अब कोई मामला बाकी नहीं है और इसे सही अपडेट को शेयर करने के लिए हम मीडिया को धन्यवाद देते हैं।
टीम के अनुसार, यह पूरी घटना एक गलतफहमी थी। मुंबई मेट्रो के अधिकारियों ने भी पुराने पोस्ट को हटाकर इस मामले को खत्म कर दिया है। बता दें कि वरुण धवन इन दिनों फिल्म ‘बॉर्डर-2’ की प्रमोशन में व्यस्त हैं। फिल्म में उनका किरदार फैंस खूब पसंद कर रहे हैं। उनकी दमदार एक्टिंग की सभी खूब सराहना भी कर रहे हैं।