होशियारपुरः जिले के टांडा-उड़मुड़ स्थित श्री हरगोबिंदपुर रोड पर गिल गांव के पास बने बब्बल पेट्रोल पंप पर देर रात लूट की वारदात सामने आई है। 2 हथियारबंद लुटेरों ने पेट्रोल पंप पर धावा बोलते हुए वहां मौजूद कारिंदे के साथ मारपीट की और करीब 2 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
लूट का शिकार हुए पेट्रोल पंप कारिंदे युवराज सिंह ने बताया कि वह बीती रात पेट्रोल पंप परिसर में सो रहे थे। इसी दौरान देर रात 2 अज्ञात हथियारबंद लुटेरे पेट्रोल पंप के अंदर घुस आए। आरोपियों ने पहले उन्हें डराया-धमकाया और फिर तेजधार हथियारों के साथ उनकी मारपीट की। उसके बाद लुटेरों ने उससे अलमारी की चाबी छीन ली और तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी अलमारी से करीब 2 लाख रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए।
पीड़ित ने तुरंत इस संबंध में पुलिस को सूचना दी और थाना में शिकायत दर्ज करवाई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।