कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत राणा ने किया सम्मानित
ऊना/सुशील पंडित: हरोली विधानसभा क्षेत्र के गांव सैंसोवाल की बेटी आकृति का गांव में ढोल बाजों से जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर आकृति व परिवार को बधाईयां देने का तांता लगा रहा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत सिंह राणा ने स्वागत कार्यक्रम में विशेष तौर से शिरकत की। रणजीत राणा ने इस स्वागत कार्यक्रम में तहसीलदार बनी आकृति व उसके माता पिता समेत परिवार के सदस्यों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आकृति ने प्रशासनिक सेवा पास करके गांव हरौली क्षेत्र जिला ऊना का नाम पूरे प्रदेश में चमकाया है। उन्होंने उनके शिक्षा के क्षेत्र में किए प्रयासों की सफलता की प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि सफलता के पीछे माता पिता समेत सभी परिजनों का अमूल्य सहयोग रहा है। इसी के चलते बेटी आकृति ने सफलता की गाथा लिखी है। उन्होंने बेटी के उज्जवल भविष्य की कामना की। इस दौरान आकृति ने सम्मान देने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत सिंह राणा समेत सभी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए परिजनों व शिक्षकों का योगदान रहा है। बता दें कि हरोली की बेटी आकृति ने प्रतिष्ठित परीक्षा को उत्तीर्ण करके न केवल अपने परिवार का मान बढ़ाया है, बल्कि पूरे क्षेत्र की बेटियों के लिए एक मिसाल पेश की है। एचएएस की परीक्षा में 25वां रैंक पाया है। एचएएस क्लीयर करके उन्हें प्रशासनिक सेवाओं में तहसीलदार के पद पर नियुक्ति मिलेगी।
आकृति ने अपनी सफलता का श्रेय अपने दादा मंगल राम पूर्व पंचायत प्रधान , पिता बलबिंद्र कुमार और माता बेबी को दिया है। आकृति एक शिक्षित परिवार से संबंध रखती हैं। उनके पिता सरकारी स्कूल में मुख्याध्यापक के पद पर कार्यरत हैं, जिन्होंने आकृति को हमेशा शिक्षा के महत्व और अनुशासन की सीख दी। उनकी माता बेबी एक गृहिणी हैं।। आकृति का बड़ा भाई और छोटी बहन है ये दोनों ही निजी कंपनी में जाॅब कर रहे हैं। आकृति ने जमा दो की पढ़ाई रावमापा कांगड़ से की। जबकि बी.एससी की पढ़ाई उना काॅलेज की। इसके बाद उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला से जूलाॅजी विषय में मास्टर डिग्री प्राप्त की। आकृति की इस उपलब्धि से पूरे सेंसोंवाल गाँव और हरोली क्षेत्र में जश्न का माहौल है।