अमृतसरः शहर के थाना लोपोके क्षेत्र के गांव ठठे में जमीन विवाद को लेकर फायरिंग का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में 21 वर्षीय युवक जसकरन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता को भी गोली और चाकू लगे हैं, जो गंभीर घायल हैं। उनका अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी देते मृतक के पारिवारिक सदस्यों ने बताया कि उनका परिवार गांव में काफी समय से जमीन के विवाद का सामना कर रहा है। गांव के कुछ प्रभावशाली लोगों ने इस मामले को सुलझाने के लिए समझौते का भरोसा दिलाया था। आज सुबह जसकरण सिंह प्रभावशालियों को घर छोड़कर वापस अपनी जमीन पर गया था, जहां पहले से ही छिपे बैठे कुछ लोगों ने उस पर अचानक हमला कर दिया।
परिवार के सदस्यों के अनुसार, आरोपियों ने अचानक उन पर फायरिंग कर दी जिससे जसकरण की छाती में गोली लग गई और उस पर हाथियारों से भी वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान जसकरण को बचाने आए उनके पिता को भी हथियारों से घायल किया गया जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। परिवार का कहना है कि जसकरण सिंह उनका इकलौता पुत्र था और उसकी मौत से घर में शोक का माहौल है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से न्याय की मांग की है।
इस मामले के संबंध में पुलिस अधिकारी सतपाल सिंह ने कहा कि उन्हें शाम करीब 7:30 बजे अस्पताल से सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है और परिवार के बयानों के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है। सतपाल सिंह ने कहा कि दोषियों की तलाश के लिए टीमें बनाई गई हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं इस दिल दहला देने वाली घटना से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है और पूरे गांववासी युवक की अकाल मृत्यु पर शोकित हैं।