मोहालीः गांव मामूनपुर की चेतनकमल कौर बासी ने यूपीएससी सिविल सर्विसेज परीक्षा पास कर न सिर्प अपने परिवार, बल्कि पूरे इलाके का नाम रोशन किया है। चेतनकमल, गांव मामूनपुर के पूर्व सरपंच और प्रॉपर्टी कारोबारी सुरिंदर सिंह बासी की छोटी बेटी हैं। यह परिवार वर्तमान में मोहाली के सेक्टर 89 में निवास कर रहा है।
सुरिंदर सिंह बासी ने बताया कि उनकी बेटी ने 12वीं तक की पढ़ाई घड़ऊं के सेकेंडरी स्कूल से की और आगे की ग्रेजुएशन एमसीएम कॉलेज, चंडीगढ़ से पूरी की। उन्होंने कहा कि चेतनकमल ने पांच साल की कठिन मेहनत के बाद यह मुकाम हासिल किया है। भावुक होते बासी ने कहा कि किसान परिवारों के बच्चों के लिए यह एक बड़ा सपना होता है, जिसे मेरी बेटी ने सच कर दिखाया है।
अपनी सफलता पर प्रतिक्रिया देते चेतनकमल ने कहा कि यह परीक्षा मेरे लिए एक बड़ी चुनौती थी, जिसे मैंने पार किया। अब मैं सरकार जहां भी मेरी सेवाएं लेगी, पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपना कर्तव्य निभाऊंगी। इस उपलब्धि पर पंजाबी लेखक सभा के अध्यक्ष दीपक शर्मा चनारथल, जनरल सेक्रेटरी भूपिंदर मलिक, और सचिव सुखविंदर सिंह सिद्धू ने परिवार को बधाई दी और कहा कि चेतनकमल की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी।