फिरोजपुरः त्योहारों की रौनक के बीच फिरोजपुर के हबीब वाला गांव में एक बड़ा हादसा सामने आया है। देर रात एक दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिससे लाखों रुपये का माल जलकर राख हो गया। यह घटना तब सामने आई जब दुकानदार अगली सुबह दुकान खोलने आया। दुकान के मालिक ने बताया कि रात को जब वह दुकान बंद करके घर गया तो सब कुछ ठीक था। लेकिन सुबह जब दुकान पर पहुंचा तो पूरा सामान जलकर राख हो चुका था। त्योहार के सीजन में सबसे ज्यादा माल मंगवाया था। सारा सामान जल गया।
बताया जा रहा है कि दुकान में मुख्य रूप से सेंट्री का सामान रखा गया था जिसमें स्पेयर पार्ट के सामान सहित घरेलू उपयोग की अन्य वस्तुएं शामिल थीं। ये सभी सामान त्योहारों के मद्देनज़र स्टॉक किया गया था। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के कई लोग मौके पर पहुंचे और प्रशासन से दुकानदार को मुआवज़ा देने की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक लोग आग को समझ पाते, तब तक सब कुछ जल चुका था। अगर समय रहते आग बुझाने की व्यवस्था होती तो नुकसान को कम किया जा सकता था। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायज़ा लिया और राहत देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि हम पूरी घटना की जांच कर रहे हैं। नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।