पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो रहे मुख्यातिथि,कार्यक्रम में पहुंचने पर क्लब सदस्यों ने किया भव्य स्वागत
ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ में युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के उद्देश्य से मां कपिला यूथ क्लब मलांगड़ की ओर से आयोजित दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को किया गया। इस अवसर पर कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम की शुरुआत मां कपिला के जयकारों के साथ हुई, जिसके बाद मुख्यातिथि दविंदर भुट्टो ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।

आयोजन स्थल पर आसपास के गांवों से भारी संख्या में लोग पहुंचे और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। प्रतियोगिता में कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें क्षेत्र की नामी कबड्डी टीमों के अलावा युवाओं की नई प्रतिभाएं भी शामिल हैं। पहले दिन के पहले मुकाबले में मलांगड़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बुधान टीम को पराजित किया। खिलाड़ियों ने बेहतरीन फुर्ती, दमखम और टीम भावना का प्रदर्शन किया, जिससे दर्शकों में रोमांच भर गया। खेल मैदान में ‘थाई’, ‘काट’ और ‘टच’ के साथ हर प्वाइंट पर तालियों की गूंज सुनाई देती रही।
भुट्टो ने घोषणा की कि क्लब की गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए वह क्लब को 11,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी समाज सेवा, खेल या जनहित के कार्यों की बात होगी, वहां हमारी पूरी टीम तन, मन और धन से आपके साथ खड़ी मिलेगी। समिति ने बताया कि रविवार को प्रतियोगिता के अंतिम मुकाबले और समापन समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विजेता टीम को आकर्षक ट्रॉफी और नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इस प्रकार मलांगड़ में आयोजित यह कबड्डी प्रतियोगिता न केवल खेल प्रतिभा का मंच बनी बल्कि समाज में एक संदेश भी दे गई , खेलो आगे बढ़ो और नशे से दूर रहो।
इस मौके पर मंडल अध्यक्ष राजिंद्र मलांगड़, जिला भाजपा एस सी मोर्चा के जिलाध्यक्ष सूरम सिंह सुमित वशिष्ठ, कुटलैहड़ भाजपा मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं वीडीसी सदस्य राज कुमार मनकोटिया, दीप कुमार धुंधला, अमनदीप शर्मा के अलावा गणमान्य मौजूद रहे।