टोंकः सरकारी अस्पताल में मरीज से बहस के बाद डॉक्टर को हार्ट अटैक आ गया। अस्पताल में ही डॉक्टर की मौत हो गई। दरअसल, एक मरीज ने पट्टी बदलने को लेकर डॉक्टर से बहस की थी। वहां मौजूद स्टाफ ने दोनों को शांत करा दिया। कुछ देर बाद ही डॉक्टर के सीने में दर्द होने लगा। स्टाफ प्राथमिक उपचार दे रहा था कि डॉक्टर ने दम तोड़ दिया। वहीं घटना का सीसीटीवी भी सामने आया जिसमें दिख रहा है कि दर्द से तड़प रहे डॉक्टर का स्टाफ इलाज कर रहा है, तभी डॉक्टर जमीन पर गिर गए और उनकी मौत हो गई।
हॉस्पिटल स्टाफ ने बताया कि डॉ. पारितोष संचेती (55) मालपुरा उपखंड क्षेत्र के पचेवर के रहने वाले थे। उन्होंने शादी नहीं की थी। अभी मालपुरा हॉस्पिटल में कार्यरत थे। सुबह ओपीडी में मरीज देख रहे थे तभी एक मरीज से बहस हो गई और कुछ देर बाद ही डॉक्टर संचेती बेहोश होकर नीचे गिर गए। स्टाफ ने बचाने की काफी कोशिश की लेकिन डॉक्टर की मौत हो गई। यह देख बहस करने वाला मरीज फरार हो गया, जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी। हॉस्पिटल स्टाफ ने अज्ञात मरीज के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
डॉ. संचेती की हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि के बाद सुबह 9.15 बजे अस्पताल स्टाफ ने चिकित्साकर्मियों की सुरक्षा का मुद्दा उठाकर नारेबाजी शुरू कर दी। नर्सिंगकर्मी और डॉक्टर कामकाज बंद करके हॉस्पिटल में ही धरने पर बैठ गए। डॉक्टरों ने कहा- आए दिन अभद्रता, दबाव और तनावपूर्ण माहौल में काम करना कठिन हो गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए। हॉस्पिटल परिसर में स्थायी पुलिस चौकी बने।
इसके बाद सीएमएचओ ने एसडीएम मालपुरा कपिल शर्मा से फोन पर बात की। डॉक्टरों व स्टाफ की मांग से अवगत कराकर समाधान की मांग की। एसडीएम कपिल शर्मा ने डॉक्टरों की समस्याओं का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया।