बठिंडा: देश में भारत-पाकिस्तान तनाव के बाद से लगातार पुलिस और सिविल एयरपोर्ट की ओर से सख्ती की गई है। इस दौरान शकी लोगों पर कार्रवाई करते हुए प्रशासन के अधिकारियों द्वारा उनकी तालाशी ली जा रही है। वहीं सिविल एयरपोर्ट सुरक्षा कर्मियों द्वारा एक महिला की तालाशी ली गई। तालाशी के दौरान सुरक्षा कर्मियों को महिला के कब्जे से 4 कारतूस बरामद किए गए हैं। महिला के बैग में छिपे कारतूस देखकर एयरपोर्ट अधिकारियों के होश उड़ गए। इसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला को कारतूसों समेत गिरफ्तार कर लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार पकड़ी गई महिला हरियाणा के जिला सिरसा की रहने वाली बताई जा रही है। महिला बठिंडा सिविल एयरपोर्ट से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट पकड़ने के लिए आई थी। फिलहाल, यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महिला के पास कारतूस कहां से आए और इनका क्या इस्तेमाल होना था। पुलिस ने इस मामले में गंभीरता से जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है। वहीं सुरक्षा कर्मियों द्वारा मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।