घर एवं दफ्तर को करवाया गया खाली
चंडीगढ़ः देश भर में पिछले कुछ दिनों से धमकी भरे ई-मेल आ रहे है। हाल ही में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा मैसेज सामने आया था। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों को जांच में कुछ नहीं मिला था। वहीं अब हरियाणा के सीएम हाउस और सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इसकी जानकारी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और घर एवं दफ्तर को खाली करा दिया गया। सुरक्षा बलों की टीम कैंपस में जांच पड़ताल कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह धमकी कहां से आई और किसने भेजा।
एक ईमेल के जरिए शुक्रवार सुबह बम की धमकी आई। इस ईमेल में लिखा गया है कि हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी के हाउस और चंडीगढ़ स्थित सचिवालय कार्यालय को बम से उड़ा दिया जाएगा। इसकी सूचना मिलते ही जांच एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया और कैंपस को फटाफट खाली करा दिया गया। ईमेल आने के बाद हरियाणा-चंडीगढ़ पुलिस, सीआईएसएफ और सीआईडी की टीमें सीएम हाउस और सचिवालय पहुंचीं।
साथ ही डॉग्स के साथ बम डिस्पोजल स्क्वॉड टीमें भी मौके पहुंचीं और चप्पे-चप्पे की छानबीन कर रही हैं। हालांकि, अभीतक कहीं से कुछ नहीं मिला है। चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सचिवालय में शुक्रवार को लोगों की भीड़ काफी कम थी, क्योंकि आज गुरु अर्जुन देव की जयंती थी। अब जांच एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि ईमेल किसने भेजा था। हालांकि, अभी तक इसे लेकर कोई भी आधिकारिक बयान नहीं जारी किया गया था।