नई दिल्लीः दिल्ली में विधानसभा चुनावों में आप पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। वहीं हार के बाद आप पार्टी अब दोबारा से ताकत बढ़ाने के लिए नई कोशिशों में जुट गई है। जिसके चलते आज पार्टी ने अपने स्टूडेंट विंग का गठन किया, जिसे असोसिएशन ऑफ स्टूडेंट्स फॉर अल्टरनेटिव पॉलिटिक्स (ASAP) नाम दिया है। पार्टी छात्र संगठन के जरिए युवाओं के बीच अपनी पकड़ को मजबूत करने की कोशिश करेगी। आने वाले दिनों में पार्टी दिल्ली यूनिवर्सिटी, जेएनयू समेत अन्य यूनिवर्सिटी में छात्र संघ का चुनाव इसी विंग के जरिए लड़ेगी।
पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल, पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज और कोचिंग टीचर से नेता बने अवध ओझा की मौजूदगी में दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में इसका ऐलान किया गया। इस दौरान विंग का लोगो भी जारी किया गया। मामले की जानकारी देते हुए मनीष सिसोदिया ने कहा कि यह युवाओं का प्रिय शब्द है, ASAP। आज जहां भी रिफॉर्म की जरूरत है,वहां इसकी जरूरत है, हम लेट हो चुके हैं। जब-जब हम इस नाम को सोचेंगे यह हमें बताएगा कि समय नहीं है।
सिसोदिया ने कहा, ‘मैं चाहूंगा कि एक दिन हर उस दिन यूनिवर्सिटी में जहां चुनाव होता है वहां से एएसएपी का अध्यक्ष, सेक्रेट्री, टीम जीतकर आए। जहां चुनाव नहीं भी होता है वहां हम वैकल्पिक राजनीति की बात करेंगे।’ पार्टी ने इस विंग का गठन ऐसे समय पर किया है जब लगातार 10 साल के शासन के बाद दिल्ली में उसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और उनके करीबी मनीष सिसोदिया समेत तमाम बड़े नेता अपनी सीट तक नहीं बचा पाए। इसके बाद दिल्ली नगर निगम से भी उसकी सत्ता चली गई है।