घर लौट रहे विद्यार्थी बोले, जीवन ड्रिगी से ज्यादा जरूरी
लुधियानाः भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध के माहौल के बीच स्टूडेंट्स ने राज्य छोड़ना शुरू कर दिया है और अपने घरों की और प्रस्तान कर लिया है। पंजाब छोड़कर दूसरे राज्यों में जा रहे छात्रों ने बताया कि डर के माहौल के कारण परिजन फोन कॉल करके परेशान हो रहे थे और कह रहे थे कि घर वापस आ जाओं, जिसके चलते हम घर जा रहे हैं।
सिटी यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले छात्र लुधियाना बस स्टैंड पहुंचकर नेपाल लौट रहे हैं। उन्होंने कहा कि आधे छात्रावास खाली हो गए हैं और बाहरी राज्यों या विदेशों से आए सभी छात्र वापस लौट गए हैं। उन्होंने बताया कि हमारे अन्य साथी भी नेपाल वापस चले गए। हममें से 7-8 लोग यहीं रह गए थे जिसके चलते आज वापस जा रहे हैं। छात्रों ने कहा कि उनके परिवार के सदस्य डरे हुए हैं, हालांकि वे अंतिम वर्ष के छात्र थे और उन्हें अपनी डिग्री मिलने वाली थी, लेकिन जीवन डिग्री से ज्यादा कीमती है। छात्रों ने कहा कि हम इसी वजह से वापस जा रहे हैं। हमारे परिवार के सदस्य सुबह से लगातार हमें फोन कर रहे हैं और हम भी उन्हें फोन करके सारी स्थिति की जानकारी उन्हें दे रहे हैं।
इस दौरान बस चालकों ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से जब से भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध का माहौल बढ़ा है, तब से छात्र वापस जाने लगे हैं। उन्होंने बताया कि अधिकतर छात्र कश्मीर आदि स्थानों पर वापस जा रहे हैं। इसके अलावा नेपाल से जो छात्र उनके पास आए हैं, वे भी वापस जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों में भय का माहौल है और उनके अभिभावक भी डरे हुए हैं। पंजाब में जिस तरह का माहौल बना हुआ है, पिछले दो-तीन दिनों से लगातार हमले हो रहे हैं। इस वजह से कॉलेज के छात्र यहां से निकलकर अपने घर लौट रहे हैं।