गुरदासपुरः विधानसभा क्षेत्र फतेहगढ़ चूड़ियां के गांव काला अफगाना के निवासी हरप्रीत सिंह रंधावा जो 17 साल पहले भारतीय वायु सेना में टेस्ट पास करके भर्ती हुए थे। गत दिन उनका निधन हो गया। उस समय पूरे पंजाब से केवल 3 लड़कों ने ही टेस्ट पास किए थे। जिनमें से एक हरप्रीत सिंह रंधावा भी थे। हरप्रीत सिंह इस समय उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में फ्लाइट इंजीनियर के पद पर तैनात थे।
जानकारी के अनुसार बीते दिन हरप्रीत सिंह को साइलेंट अटैक आया, जिससे उनकी मौत हो गई। आज उनका मृत शरीर गांव काला अफगाना के श्मशान घाट में पूरी रीति-रिवाज के साथ अंतिम संस्कार किया गया। हरप्रीत सिंह रंधावा अपने पीछे 7 साल की बेटी, गर्भवती पत्नी और बुजुर्ग माता-पिता छोड़ गए हैं।
हरप्रीत सिंह का परिवार कांग्रेस पार्टी से लंबे समय से जुड़ा हुआ है। उनके पिता, बख्शीश सिंह रंधावा को कांग्रेस पार्टी द्वारा विभिन्न समयों पर अलग-अलग पदों से सम्मानित किया गया है। इस दुख की घड़ी में कांग्रेस के फतेहगढ़ चूड़ियां से वर्तमान विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री त्रिपत रजिंदर सिंह बाजवा, पूर्व कैबिनेट मंत्री सुखजीत सिंह रंधावा के अलावा कांग्रेस पार्टी के कई नेताओं ने परिवार के साथ दुख साझा किया।