गुरदासपुरः नगर परिषद द्वारा सुबह-सुबह अवैध अतिक्रमण के खिलाफ पीला पंजा चलाया गया। इस अवसर पर ईओ भूपिंदर सिंह के अलावा नगर परिषद के कुछ कर्मचारी तथा धारीवाल थाने के पुलिस कर्मी भी मौजूद थे। प्रशासन की कार्रवाई के बाद वहां एकत्रित हुए दुकानदारों व शहरवासियों ने नगर परिषद के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नगर परिषद द्वारा यह कार्रवाई केवल कुछ दुकानों पर की गई है। यह हमारे साथ धक्का है। सिफारिशी लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं होती है। उन्होंने कहा कि शहर में कई अवैध अतिक्रमणों हुए पड़े हैं, लेकिन ईओ और धारीवाल नगर परिषद का उस ओर कोई ध्यान नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारी दुकान सड़कों से पीछे है और हमारे पास दुकानों की मलकीयत भी है, लेकिन फिर भी हमारी दुकानों पर नाजायज तौर पर कार्रवाई की गई है।
उन्होंने कहा कि हमने कुछ दिन पहले नगर परिषद को पत्र भी लिखा था कि अगर हमारी दुकान उनकी हद में है तो उनको जानकारी दी जाए और निशान लगाए जाएं, लेकिन उस पत्र को टालमटोल करके उनकी कोई सुनवाई नहीं की गई और आज उनकी दुकान नष्ट कर दी गई। उन्होंने कहा कि बाजार में सिर्फ 3-4 दुकानों पर ही कार्रवाई की गई है जो कि गलत है। दुकानदारों ने इंसाफ की मांग की है।
ईओ नगर कौंसिल भूविन्द्र सिंह ने बताया कि वे पूरे धारीवाल शहर से अतिक्रमण लगातार हटा रहे हैं। उनके पास प्रत्येक दिन के लिए अलग-अलग योजना है, जिसके तहत आगामी दिनों में भी नगर परिषद की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होेंने कहा कि इन दुकानदारों को पहले भी कब्जे हटाने की बात कही गई थी, लेकिन इन दुकानदारों ने उस पर अमल नहीं किया जिसके बाद इन दुकानों पर कार्रवाई की गई है।