नागौरः राजस्थान में दर्दनाक सड़क हादसे की घटना सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार जिले के डेह कस्बे के पास नागौर-लाडनूं राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज विजय वोल्वो स्लीपर बस की ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में जोधपुर लॉ यूनिवर्सिटी के 3 छात्रों की मौत हो गई, जबकि बस में सवार कई यात्री घायल हो गए। घायलों की संख्या दो दर्जन से अधिक बताई जा रही है, जिनमें से गंभीर घायलों को डेह अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद नागौर के जेएलएन अस्पताल रेफर किया गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौके पर व अस्पताल पहुंचे।
बताया जा रहा हैकि डेह से आगे लालदास जी महाराज की धाम के पास हुए हादसे में वोल्वो बस पलटी खा गई। बस पलटने से चीख पुकार मच गई। मरने वालों की पहचान जोधपुर निवासी हर्षित, आरुषि व आरव के रूप में हुई है। जबकि घायलों को डेह में प्राथमिक उपचार के बाद नागौर के जेएलएन अस्पताल रेफर किया गया। नागौर लाए गए घायलों में भानु, साक्षी, मोहम्मद, वेद, वासुदेव, वृंद्धा आदि शामिल हैं। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जोधपुर लॉ यूनिवर्सिटी के विद्यार्थी पटियाला से वापस जोधपुर लौट रहे थे।