हादसे में 10 बच्चे और ड्राइवर घायल, लोगों ने अस्पताल पहुंचाया
बहरोड़ः बच्चों से भरी एक स्कूल बस सरसो के खेत में बेकाबू होकर पलट गई। जिसके बाद चारों तरफ बच्चों की चीख-पुकार मच गई। खेत में काम कर रहे किसान बस की तरफ दौड़े और घायल बच्चों को बाहर निकाला। हादसे में 10 छात्र और ड्राइवर घायल हुआ है। घटना सोमवार सुबह 7.30 बजे कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बहरोड सदर थाना इलाके के रामसिंहपुरा गांव में हुई। जानकारी के अनुसार- बहरोड़ के कमला पब्लिक स्कूल की बस थाना इलाके के गांव खातनखेड़ा से लेकर नारेड़ा कला गांव की तरफ जा रही थी। इस दौरान रामपुरा गांव में बस बेकाबू होकर सरसो के खेत में पलट गई। खेत में काम कर रहे किसान परिवारों ने तुरंत बच्चों और ड्राइवर को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही बहरोड़ कोतवाल विक्रांत यादव और सदर थानाधिकारी सीमा सिनसिनवार मौके पर पहुंचे।
रामसिंहपुरा गांव के सोनू यादव ने बताया कि बच्चों को स्कूल बस तक छोड़ने के लिए रोड किनारे खड़ा था। हम अपनी स्कूल बस का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान खातनखेड़ा की ओर से आ रही कमला पब्लिक स्कूल की बस तेजी से पास से निकली। इसके बाद दो-तीन खेत दूर जाकर बस दो-तीन बार पलटते हुए खेत में जाकर गिरी। खेत में कटाई का काम कर रहे किसान तुरंत दौड़े। बस से घायल बच्चों को निकाला। गांव से कार मंगाकर घायलों को बहरोड़ हॉस्पिटल पहुंचाया।